अकासा एयर ने साढ़े तीन साल में 2.5 करोड़ यात्रियों का बनाया रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 25 मार्च (वार्ता) नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने संचालन शुरू करने के मात्र 42 महीनों (साढ़े तीन साल) से थोड़े अधिक समय में 2.5 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवा देने की उपलब्धि हासिल कर ली है। अकासा ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली सबसे तेज भारतीय एयरलाइन बन गयी है। एयरलाइन ने अगस्त 2022 में पहली उड़ान भरी थी और लगातार उद्योग में उच्च पैसेंजर लोड फैक्टर (भरी सीटों का अनुपात) दर्ज किया है। यह मांग की मजबूती, नेटवर्क की दक्षता और अकासा अनुभव के प्रति बढ़ती ग्राहक पसंद को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए अकासा एयर के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय दूबे ने कहा, “केवल साढ़े तीन साल में 2.5 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार करना हमारे लिए गर्व का विषय है। हमने इसे विश्वसनीयता और ग्राहक अनुभव का विशेष ध्यान रखते हुए हासिल किया है जो इसे और भी खास बनाता है। शुरुआत से ही हमारा लक्ष्य एक ऐसी एयरलाइन बनाना रहा है जो मजबूत आधार के साथ जिम्मेदारी से आगे बढ़े। हम इस दशक के अंत तक दुनिया की शीर्ष 30 एयरलाइनों में शामिल होने के लक्ष्य पर दृढ़ता से काम कर रहे हैं।” अकासा एयर के बेड़े में फिलहाल 35 विमान हैं। एयरलाइन ने 226 बोइंग-737 मैक्स विमानों का पक्का ऑर्डर दिया है, जिनमें से अगले छह साल में 191 विमानों की डिलीवरी होनी है।

Next Post

पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर रहे

Wed Mar 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 मार्च (वार्ता) देश में सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम बुधवार को अपरिवर्तित रहे। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये और डीजल की 87.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रही। सामान्य […]

You May Like