जबलपुर: संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शासकीय आईटीआई में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। प्राचार्य अर्पित शुक्ला ने बताया कि शासकीय आईटीआई में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ उन्हें रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे संस्थान की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को फाइव स्टार होटलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से छात्र-छात्राओं को पहले से ही कार्य का अनुभव मिलेगा, जिससे वे प्रशिक्षण के बाद सीधे रोजगार से जुड़ सकेंगे और उन्हें नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
फाइव स्टार होटल में ट्रेनिंग
उद्यमिता नोडल अधिकारी जबलपुर संभाग योगेश ठाकरे ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं को फाइव स्टार होटल में ट्रेनिंग के साथ रहने और खाने-पीने की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें वहीं रोजगार मिलने की भी पूरी संभावना है।
जल्द शुरू होगी स्किल लैब
आईटीआई में एक और बड़ा नवाचार जल्द ही शुरू होने जा रहा है। ट्रेनिंग बेसमेंट ऑफिसर ललित डेहरिया से मिली जानकारी के अनुसार, ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक स्किल लैब तैयार की गई है, जो जल्द ही सचिवालय के आदेश के बाद शुरू कर दी जाएगी। इस लैब में कंपनी के विशेषज्ञ ट्रेनर आईटीआई में ही छात्रों को फैक्ट्री स्तर की ट्रेनिंग देंगे। इससे विद्यार्थियों को लगभग 50 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण संस्थान में ही मिल जाएगा, जिससे उन्हें उद्योगों में काम करने के दौरान कम कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
