इंदौर:नगर निगम बजट सत्र में वंदे मातरम को लेकर मुस्लिम महिला पार्षद की टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने दूसरी पार्षद के बयान लिए. एमजी रोड पर एसीपी और टीआई ने बयान दर्ज किए.7 और 8 अप्रैल को नगर निगम बजट सत्र में वंदे मातरम् गाने को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. आज खजराना पार्षद रुबीना खान को एमजी रोड पुलिस थाने पर बयान के लिए बुलाया गया था. बजट सत्र में बहस दौरान रुबीना खान न भाजपाई पार्षदों के उकसाने पर कह दिया था कि तुम्हारे बाप में दम है तो जबरदस्ती बुलवा का दिखाओ.
यह बात अलग है कि निगम बजट सत्र में दोनों दिन वंदे मातरम में न सिर्फ शामिल हुई, बल्कि वे गाते हुए भी दिख रही है. भाजपा पार्षदों द्वारा रुबीना खान और फौजिया शेख पर एफआईआर दर्ज करने का आवेदन पत्र देने के बाद एमजी रोड थाने पर बयान के लिए बुलाया गया था. कल उक्त मामले में फौजिया शेख अपने पति और दो वकीलों के साथ बयान दर्ज करने पहुंची थी. आज रुबीना खान ने अपने वकील पति के साथ एमजी रोड थाने पर एसीपी विनोद दीक्षित और थाना प्रभारी विजयसिंह सिसौदिया के समक्ष बयान दर्ज करवाए.
मैंने कभी वंदे मातरम का अनादर नहीं कियाः रुबीना
एमजी रोड थाने पर बयान दर्ज करवाने के बाद रुबीना खान ने मीडिया से कहा कि मैंने कभी वंदे मातरम् का अनादर नहीं किया है. मैं वंदे मातरम का हमेशा सम्मान करती हूं. यह भारत के सम्मान और गौरव का प्रतीक है, इसको हर व्यक्ति को सम्मान करना चाहिए, फिर वो किसी धर्म का क्यों नहीं हो. रुबीना ने मीडिया से कहा कि मैंने अपमान किया ही नहीं तो मैं क्यों माफी मांगू?
