
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखंड के हर खेत को पानी मिलेगा। इससे क्षेत्र में समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने खेतों को किसी भी स्थिति में बेचने का प्रयास नही करें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसानों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश में खेती के साथ साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में पशुपालन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गौशाला खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नंबर वन बनाने का कार्य किया जाएगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढाने के लिए 25 गायों के साथ गौशाला खोलने पर 40 लाख रुपए में से 10 लाख तक का अनुदान देने का कार्य मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव सागर जिले के तहसील मुख्यालय बण्डा में सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकापर्ण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि तहसील मुख्यालय बण्डा में आज लगभग 31 करोड़ रुपए की लागत से नव निर्मित सर्व सुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 01 दिसंबर से प्रदेशव्यापी गीता जयंती उत्सव मनाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। सभी जिलों के प्रत्येक जनपद पंचायत में वृंदावन ग्राम एवं गीता भवन बनाए जाएंगे।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने 50.65 करोड़ रुपए के 16 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने सागर जिले की बहुप्रतीक्षित लांच नदी परियोजना की स्वीकृति की घोषणा की वहीं मुख्यमंत्री ने शाहगढ़ में सिविल अस्पताल बनाने, बण्डा में सर्व सुविधा युक्त स्टेडियम, सिविल अस्पताल बण्डा में पोस्टमार्टम हाउस बनाने, बण्डा क्षेत्र में राखसी, चकेरी, विनेयका में भवन विहीन स्कूलों के लिए भवन बनाने की घोषणा की।
समारोह को प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्त सरंक्षण मंत्री गोविन्द्र सिंह राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा है कि बुन्देलखंड क्षेत्र खनिज संपदा का भण्डार है, बुन्देलखंड में निवेश का अच्छा मौका है। उन्होेंने कहा कि भविष्य में बण्डा अग्रणी क्षेत्र के रूप में विकसित होगा।
समारोह को सांसद दमोह संसदीय क्षेत्र राहुल सिंह लोधी एवं विधायक बण्डा विधानसभा क्षेत्र वीरेन्द्र सिंह ने भी संबोधित किया। समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम क्वायला के शहीद राजेश यादव के पिता को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने बण्डा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लिधौरा की मूल निवासी क्रिकेटर क्रांतिगौड़ के पिता को भी सम्मानित किया गया।
