गुना कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान हंगामा: राशन लेकर लौट रहे युवक के साथ मारपीट

गुना। जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरातफरी में बदल गई जब एक पीड़ित युवक ने अचानक हंगामा कर दिया। बांसखेड़ी निवासी युवक अपनी शिकायत लेकर सीधे कलेक्टर के चैंबर की ओर दौड़ पड़ा और जोर-जोर से चिल्लाकर अपनी आपबीती सुनाने लगा। घटना उस समय हुई जब जनसुनवाई समाप्त कर मीडिया चर्चा करने के बाद कलेक्टर अपने चैंबर की ओर बढ़ रहे थे। तभी एक युवक अचानक जोर से चिल्लाते हुए कहने लगा- कलेक्टर साहब मेरी भी सुनो। युवक के आक्रोश को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने उसे संभाला और अधिकारियों के निर्देश पर उसे चैंबर के भीतर ले जाया गया।

पीड़ित युवक ने मीडिया को अपना नाम सूरज प्रजापति निवासी बांसखेड़ी घोसीपुरा बताया। सूरज के अनुसार, वह कंट्रोल से राशन लेकर अपने घर लौट रहा था, तभी घोसीपुरा घाटी पर कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक ने आरोप लगाया कि हमलावर एक विशेष समुदाय के थे और मारपीट करने वालों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। पीड़ित का कहना था कि घटना के तुरंत बाद उसने कैंट थाना प्रभारी को फोन लगाया था, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। पुलिस से मदद न मिलने पर वह न्याय की गुहार लगाने सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गया। अधिकारियों ने जब मारपीट की घटना को लेकर युवक को बताया कि उसे पुलिस थाने में जाना चाहिए, इसपर युवक और आक्रोशित होकर कहने लगा कि जनसुनवाई क्यों करते हो? हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद कलेक्टर ने युवक को अपने चैंबर में बुलाया और उसकी पूरी शिकायत सुनने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक को तत्काल कैंट थाने भिजवाया गया। प्रशासन ने पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन युवक के इस तरह कलेक्ट्रेट में हंगामा करने से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।

Next Post

धूमधाम से मनाई गई निषाद राज जयंती, भव्य शोभा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Tue Mar 24 , 2026
बंडा। रायकवार समाज बंडा के आराध्य देव एवं भगवान राम के परम सखा निषाद राज जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया जो दुर्गा माता मंदिर संजय कॉलोनी से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए श्री भोई देव स्थल पहुंची। जहां अतिथियों एवं वरिष्ठ जनों […]

You May Like