भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा शुजालपुर में दिए गए बयान को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के पुतला दहन या उग्र प्रदर्शन के बजाय अहिंसा और सौहार्द का मार्ग अपनाया जाए।
वीडियो संदेश जारी करते हुए जीतू पटवारी ने कांग्रेस परिवार के सभी सदस्यों से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद कई कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने की इच्छा व्यक्त की है, लेकिन कांग्रेस की विचारधारा महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर आधारित है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता हिंसात्मक या आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन से दूर रहें। पटवारी ने अपील की कि मुख्यमंत्री के प्रति विरोध दर्ज कराने के लिए उन्हें फूल और हार भेंट किए जाएं तथा शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संयम और अहिंसा में विश्वास करती है और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं को सकारात्मक एवं गांधीवादी तरीके से विरोध करना चाहिए।
