भैरूंदा। क्षेत्र के ग्राम नंदगांव में हुई 65 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. इस वारदात में बदमाशों ने कचरा बीनने के बहाने पहले घरों की रेकी की और फिर मौका मिलते ही चोरी को अंजाम दिया. खास बात यह रही कि चोरी के दौरान पुरुष आरोपी दूर खड़े होकर निगरानी करते रहे, जबकि महिलाओं ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने इस मामले में पारदी समाज के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 महिलाएं और एक नाबालिग शामिल है. वहीं दो अन्य नाबालिग फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.
घटना 17 फरवरी की है. फरियादी देवी सिंह भाटी निवासी नंदगांव सुबह 10.30 बजे अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम भांगिया गए थे. घर पर ताला लगा हुआ था. शाम को लौटने पर देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़ा गया है. घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे. शिकायत के आधार पर भैरूंदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने निरीक्षण किया, वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 तोला सोना और 800 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं. इनमें बाजूबंद, कंगन, हार, अंगूठियां, पायल, बिछिया सहित अन्य जेवर शामिल हैं. तीन बाइक भी जब्त की गई हैं.
