पांढुरना:आधी रात बाद तेज आंधी तूफान के साथ लगभग एक घंटे तक कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम हुई बारिश से मौसम में ठंडक़ बढऩे से बीते एक पखवाड़े से जारी भीषण गर्मी तथा गर्म हवाओं के थपेड़ों से राहत मिली, लेकिन किसानों के खेतों में खडी गेंहू की फसले तथा संतरा बागानों के पेड़ों से संतरा फल गिरने से बहुत अधिक नुकसान हुआ है।
गुरूवार के दोपहर बाद पांढुरना के नांदनवाडी,अंबाड़ा सहित आसपास के ग्रामों में बारिश के साथ ही चन्हें तथा सोयाबीन के आकार के ओले भी गिरे वहीं गुरूवार शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 1 बजे से 2:15 बजे तक पांढुरना नगर जिला मुख्यालय सहित क्षेत्र के लगभग सभी ग्रामों में तेज आंधी,तूफान तथा आकाशीय गर्जना के साथ कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश हुई,हालांकि इस दौरान कहीं भी ओले गिरने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
ग्राम हिवरा पृथ्वी राम में रहने वाले प्रगतिशील किसान हरनाम सिंह सेंगर ने बताया कि बीते रात हुई बारिश से तो कम लेकिन आंधी तूफान के चलते अधिकांश किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसलें तथा संतरा बागानों के पेड़ोंं से संतरा फल गिरकर पूरी तरह खराब होने से इन किसानों को बहुत अधिक क्षति हुई है। वहीं इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई,जिसे पूर्ववत प्रारंभ कराने में विद्युत विभाग के कर्मचारियों को काफी मश्कत करनी पडी ।
