
सिंगरौली। मोरवा क्षेत्र के दो छात्र-छात्रा शनिवार की दोपहर दर्शन के लिए जाते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। बिरकुनिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना आज दोपहर की है। दोनों घायल मोरवा के साईनगर निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार युवक आशीष साकेत उम्र 21 व युवती प्रज्ञा तिवारी उम्र 20 निवासी साईनगर मोरवा दुधमनिया स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बिरकुनिया के समीप बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर फिसलकर गिर पड़ा। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने वाहन से अस्पताल ले गए। वहीं डायल-112 की टीम ने घायल युवक को उपचार के लिए एनसीएल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
