बुधनी। केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान बुदनी में राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026 का भव्य शुभारंभ सोमवार को दोपहर 1 बजे स्थानीय विधायक रमाकांत भार्गव द्वारा युवा नेता कार्तिक चौहान की उपस्थिति में किया गया. कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. बी.एम. नांदेड़े ने अतिथियों का स्वागत किया.
कार्यक्रम में मंत्रालय के अपर आयुक्त डॉ. व्हीएन काले, हिसार संस्थान के निदेशक डॉ. मुकेश जैन, अनंतपुर के निदेशक डॉ. पी.पी. राव, असम संस्थान की निदेशक कमलाबाई सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन मौजूद रहे. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया.
अपने संबोधन में विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि कृषि यंत्रीकरण समय की जरूरत है, जिससे लागत कम और उत्पादन अधिक होगा. वहीं कार्तिक चौहान ने युवाओं से कृषि में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया. तीन दिवसीय इस एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, फसल प्रबंधन एवं प्रसंस्करण से जुड़ी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है. इसके अलावा किसानों को शासकीय योजनाओं और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी जा रही है.
एक्सपो के दूसरे दिन 24 मार्च को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम में शामिल होंगे. वे किसानों से संवाद करेंगे तथा नई प्रयोगशालाओं, उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे. साथ ही विभिन्न संस्थानों के साथ एमओयू हस्ताक्षर, किसानों को टूलकिट वितरण और पिवोट सिंचाई प्रणाली का उद्घाटन भी किया जाएगा.यह आयोजन किसानों, वैज्ञानिकों व उद्यमियों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को समझने और अपनाने का मंच साबित हो रहा है. कृषि मंत्री के समक्ष महत्वपूर्ण एवं किसान केंद्रित पहलों का क्रियान्वयन किया जाएगा. अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण किया जाएगा.
