इंदौर: चोइथराम अस्पताल के सामने लेक पार्क कॉलोनी में आज सुबह एक गैरेज में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राजेंद्र नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया.थाना प्रभारी नीरज बिरथरे ने बताया कि आग एक ऑटो डीलिंग गैरेज में लगी, जहां कारों की मरम्मत और खरीद-बिक्री का काम किया जाता है. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं.
गैरेज अस्पताल की दीवार से सटा होने के कारण स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी. शुरुआती समय में अस्पताल की ओर से पानी डालकर आग को काबू में करने का प्रयास किया, ताकि लपटें आगे न बढ़ सकें. दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को अन्य शेड तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. हालांकि आग के चलते पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बना रहा. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह गैरेज में रखे कलर स्प्रे और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की जांच कर रही है, आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है.
