भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में चयनित प्रदेश के 61 अभ्यर्थियों से संवाद करेंगे। राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में आयोजित ‘सफलता के मंत्र’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चयनित प्रतिभाओं से रूबरू होकर उन्हें मार्गदर्शन देंगे और उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तैयार की गई ‘प्रतिभाओं का परचम’ पुस्तिका एवं उसका डिजिटल संस्करण भी विमोचित किया जाएगा। इस अवसर पर सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धियों को साझा करते हुए अन्य युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ाना और सफलता के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
