
गुना। जिले में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने अपनी जोरदार दस्तक दे दी है। गुरुवार रात को जहां रिमझिम बारिश ने मौसम को ठंडक दी, वहीं शुक्रवार तडक़े से ही झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो लगातार जारी है। सुबह 8:30 बजे तक 7.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, लेकिन इसके बाद भी दोपहर तक बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिससे गुना शहर की गलियां और सडक़ें पानी से लबालब हो गई हैं। तेज बारिश ने न केवल मौसम को खुशनुमा बना दिया है, बल्कि लोगों की दिनचर्या पर भी खासा असर डाला है। सुबह काम पर निकलने वाले लोग छतरी और रेनकोट पहनकर बाहर निकले, जबकि कई दोपहिया वाहन सवारों को जलभराव वाली सडक़ों पर परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, कॉलोनियों और सरकारी कार्यालयों के आसपास पानी भरने की शिकायतें सामने आई हैं। कई जगह नालियों की सफाई नहीं होने से सडक़ें तालाब में तब्दील हो गई हैं। सबसे बुरे हाल जिलेभर के रेलवे अंडरब्रिजों का है। यहां पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा।
इधर मानसून की इस पहली जोरदार बारिश ने किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी है। खेतों में बोवनी की तैयारी कर रहे किसानों को इस बारिश से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने पहले ही इस सप्ताह मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई थी, जो अब सटीक साबित हो रही है। विभाग के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है और जिले में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
