इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने खुद धोनी एजबेस्टन स्टेडियम पहुंचे। साक्षी, जीवा और बॉलीवुड स्टार कृति सेनन की मौजूदगी ने इस मुकाबले के रोमांच को दोगुना कर दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच में भारतीय टीम को एक खास सपोर्ट मिला। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने स्टेडियम पहुंचे। स्टैंड्स में माही को देखते ही फैंस खुशी से झूम उठे और उनका जोरदार स्वागत किया। धोनी के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन और भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी मैच का आनंद उठाते देखे गए थे।
दिनेश कार्तिक और कृति सेनन भी दिखे
इस मुकाबले के दौरान धोनी भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक से भी मिले और दोनों के बीच बातचीत हुई। इससे पहले धोनी टी20 सीरीज का तीसरा मैच देखने ट्रेंट ब्रिज भी गए थे। धोनी के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की मौजूदगी ने भी एजबेस्टन के माहौल को और ज्यादा खास बना दिया।
अक्षर पटेल के आगे बेबस हुई इंग्लिश टीम
अगर मैच की बात करें, तो इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवरों में 258 रनों पर ढेर हो गई। बेन डकेट (43 रन) और जैकब बेथेल (14 रन) ने शुरुआत में 61 रन जोड़े थे, लेकिन इनके आउट होते ही इंग्लैंड की टीम बिखर गई। 107 रन के स्कोर तक मेजबान टीम ने अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार को 2-2 विकेट मिले।
रूट और डॉसन ने इंग्लैंड को उबारा
मुसीबत में फंसी इंग्लैंड की पारी को जो रूट और लियाम डॉसन ने संभाला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रनों की मजबूत साझेदारी की। डॉसन 68 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रूट ने 76 रनों की नाबाद पारी खेली।
इंग्लैंड की टीम में कार्स की वापसी
इस बीच इंग्लैंड की टीम से एक बड़ी खबर आई है। मेजबान टीम ने वनडे सीरीज के बाकी बचे 2 मैचों के लिए तेज गेंदबाज ऑलराउंडर ब्रायडन कार्स को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। कार्स अब अपनी कलाई और कोहनी की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला 1 नवंबर 2025 को खेला था।
