उज्जैन: महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में अध्ययन कर रहे छात्र को बेरहमी से शिक्षक द्वारा पीटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को पुलिस ने मामले में शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शनिवार को चिंतामण थाना क्षेत्र के महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में अध्ययन करने वाले एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में शिक्षक छात्र को दूसरे छात्र के बिस्तर पर सोने की बात को लेकर बुरी तरह छड़ी से पिटता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद सामने आया कि छात्र को पीटने वाला शिक्षक वेद विद्या प्रतिष्ठान की सामवेद राणायनीय शाखा का दत्तदास शेवड़े है। छात्र की पिटाई के दौरान शिक्षक के साथ राष्ट्रीय आदर्श वेदविद्या परिसर के छात्रावास का वार्डन भी मौजूद है जिसके द्वारा शिक्षक को रोक नहीं जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया।
थाना प्रभारी ने रविवार को की थी काउंसलिंग
चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि छात्र को काउंसलिंग के लिए बुलाया। रविवार को हुई काउंसलिंग के बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। शिक्षक को गिरफ्तार सोमवार को न्यायालय में पेश किया जा सकता है। विदित हो कि महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या संस्थान भारत सरकार के अधीन संचालित आवासीय संस्थान है, जहां वैदिक शिक्षा दी जाती है। देशभर से छात्र यहां अध्ययन के लिए आते हैं और परिसर में ही रहते हैं।
