निवाली: बड़वानी पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार” के तहत अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पदम विलोचन शुक्ल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए निवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लोवंशी के नेतृत्व में टीम ने पलसूद रोड सिंदडी फाटे के पास घेराबंदी कर कृपाल सिंह निवासी उंडी खोदरी पलसूद को पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से 5 हस्तनिर्मित पिस्टल, एक मोबाइल फोन, नगद राशि और बिना नंबर की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 25 हजार 200 रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
