भोपाल: कोलार थाना पुलिस ने लॉरेंस गैंग के नाम से मिली धमकी के मामले में कारोबारी को सुरक्षा मुहैया करा दी है. कारोबारी गौरव जैन से गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपए की मांग की गई थी. वाट्सएप काल पर आरोपी ने जैन को जान से मारने की धमकी भी दी थी. मामले की शिकायत सायबर और कोलार थाने में दर्ज कराई गई. अब कोलार पुलिस ने जांच करते हुए कारोबारी को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कर दी है. जानकारी के मुताबिक गौरव जैन की सुरक्षा के लिए कोलार पुलिस ने चार सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात किए हैं.
इसमें दो पुलिसकर्मी कोलार थाने के हैं और दो लाइन से भेजे गए हैं. यह पुलिसकर्मी 24 घंटे कारोबारी जैन को सुरक्षा देते रहेंगे. इसके साथ ही मामले में पुलिस की कार्रवाई भी जारी है. फोन पर धमकी देने वाले आरोपी का नंबर भी ट्रेस किया जा रहा है. पुलिस अब आरोपी का रिकार्ड भी खंगाल रही है. पुलिस की शुरूआती जांच में अबतक यह सामने आया है कि जिस नंबर से काल और मैसेज आया है वह विदेशी नंबर हैं. पूरे मामले की जांच में कोलार और सायबर थाना पुलिस जुटी है. जानकारी के मुताबिक इससे पहले इंदौर, खरगौन और अशोक नगर में भी लारेंस गैंग के नाम पर कुछ कारोबारियों के साथ इस तरह का मामला कुछ दिन पहले सामने आया.
इससे पहले कोलार पुलिस ने शुक्रवार को गौरव जैन की शिकायत पर रंगदारी मांग कर उन्हें जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था. लारेंस गैंग के नाम पर भोपाल में किसी व्यक्ति को धमकी देने का यह पहला मामला सामने आया है. 42 वर्षीय फरियादी गौरव जैन की एक ज्वेलरी शाप है. 18 मार्च को एक विदेशी मोबाइल नंबर से अंजान वॉट्सएप कॉल आया था. कालर ने खुद को लारेंस गैंग का बताया. कालर ने अपना नाम हैरी बाक्सर बताते हुए 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था करने को पीड़ित से कहा. व्यवसायी ने इस बात को नजर अंदाज भी किया था. इसके एक दिन बाद कालर ने उन्हें फिर से काल जान से मारने की धमकी देते हुए वही मांग की. आरोप है कि इसके बाद जैन के वाट्सएप नंबर पर धमकी भरा आडियो भी आरोपी की तरफ से आया. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर कालर के मोबाइल नंबर के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया.
