सतना :म.प्र. शासन संस्कृति विभाग तथा विश्व गीता प्रतिष्ठान के निर्देशानुसार मैहर में मंदिर समिति द्वारा संचालित वेद विद्यालय में सूर्य उपासना पर्व का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वेद विद्यालय के छात्रों एवं आचार्यों द्वारा वेद मंत्रों की गूंज के साथ हुई। जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में एकलव्य विद्यालय के ऑडीटोरियम में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और व्रत पर आधारित एक प्रभावी एवं प्रेरणादायक नाटक का मंचन किया गया।
इस नाटक का निर्देशन विपुल सिंह गहरवार ने किया, जिसे उनकी कला मंडली ने जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर रानी बाटड, एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल, सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नव संवत्सर के महत्व, प्रकृति संरक्षण तथा सूर्य-चंद्र की खगोलीय व्यवस्था से पंचांग निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।
धायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में सम्राट विक्रमादित्य के व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को समझाया और नव संवत्सर के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन विभाग द्वारा निर्देशित उद्घोषक राजललन मिश्रा ने किया। इस दौरान सूर्य अर्घ्य, ध्वज पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वेद विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय के शिक्षक-छात्रों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
