नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के आधिकारिक पूल ड्रॉ और कार्यक्रम की घोषणा के बाद, भारतीय पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने गुरुवार को कहा कि हम इस पूल में हर विरोधी टीम का सम्मान करते है, लेकिन हमें उनके खिलाफ स्वयं पर भरोसा है।
भारत को पूल डी में शीर्ष वरीयता प्राप्त इंग्लैंड, चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और मजबूत टीम वेल्स के साथ रखा गया है। ग्रुप-चरण के सभी मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
टीम के साथ शिविर में ड्रॉ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फुल्टन ने कहा, “हम उत्साहित हैं। यह एक मजबूत ग्रुप है, लेकिन विश्वकप में आप ठीक यही तो चाहते हैं कि आपकी परीक्षा सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ हो। टीम के शिविर में माहौल बहुत सकारात्मक है। खिलाड़ी प्रेरित और जीत के लिए भूखे हैं और अब जब हमें अपने विरोधियों के बारे में पता चल गया है, तो हमारी तैयारियों में हमें वास्तविक स्पष्टता और एकाग्रता मिलेगी।”
उन्होंने कहा, “इंग्लैंड एक सुव्यवस्थित, शारीरिक रूप से मजबूत टीम है, जो हमारे पूल में शीर्ष वरीयता प्राप्त भी है। पाकिस्तान अपनी कलात्मकता, अप्रत्याशितता और समृद्ध हॉकी परंपरा के साथ आता है। यह ऐसी टीम नहीं है जिसे कभी हल्के में लिया जाए। वेल्स अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और वह ऊर्जा और दृढ़ संकल्प से भरा होगा। हम इस पूल में हर विरोधी का सम्मान करते हैं, लेकिन हम उन सभी के खिलाफ खुद पर भरोसा रखते हैं।”
भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह एक विशेष मुकाबला है जो भारत के स्वतंत्रता दिवस के दिन पड़ रहा है। इसलिए कोचिंग स्टाफ ने पहले ही एक विस्तृत रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा, “हम अपनी संरचना, अपने दबाव और अपनी फिनिशिंग पर कड़ी मेहनत करेंगे। ये वे बारीक पहलू हैं जो इस स्तर पर मैचों का फैसला करते हैं। इस पूल में हर विरोधी की अलग-अलग ताकतें हैं, इसलिए हमारी तैयारी उसी के अनुरूप और विस्तृत होगी। अगले कुछ महीने ठीक सही समय पर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के शिखर पर पहुंचने के बारे में हैं। हॉकी-प्रेमी देश की भारी उम्मीदों को अपने कंधों पर उठाते हुए, फुल्टन ने घर पर मौजूद समर्थकों के लिए एक स्पष्ट और जोश भरा संदेश दिया, जब टीम इस सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए कमर कस रही है। हम मैदान पर उतरकर भारत को गर्व महसूस कराना चाहते हैं। खिलाड़ियों को पता है कि इस जर्सी का क्या मतलब है। समर्थकों के लिए मेरा संदेश सीधा-सा है। हमारा साथ दें, एक-एक मैच करके। चक दे इंडिया।”
