72 किमी पीछा कर पुलिस ने पकड़ी गोवंश से भरी पिकअप, टोल नाका तोड़कर भागे आरोपी

बैतूल। छिंदवाड़ा से महाराष्ट्र की ओर ले जाए जा रहे 14 गोवंश से भरी एक पिकअप वाहन को सोमवार तड़के बैतूल पुलिस ने हिंदू संगठनों की मदद से पकड़ लिया। आरोपियों ने पुलिस की भनक लगते ही वाहन को तेज रफ्तार से भगाया और चिखलीकला टोल नाका तोड़ते हुए फरार होने की कोशिश की, लेकिन करीब 72 किलोमीटर तक चले पीछा के बाद वाहन को मुलताई के पास रोक लिया गया।

बताया जा रहा है कि बजरंग सेना को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक पिकअप में गोवंश भरकर महाराष्ट्र के कत्लखानों की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने छिंदवाड़ा से ही वाहन का पीछा शुरू कर पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। इसके बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना और मुलताई पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कार्रवाई की।

हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर चिखलीकला टोल नाका तोड़ते हुए भाग निकले, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुलताई के समीप पिकअप को पकड़ लिया।

थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार पिकअप को पीले तिरपाल से ढंका गया था, जिसके भीतर 14 गोवंश को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। सभी जानवर भूखे-प्यासे और बेहद खराब हालत में मिले।

पुलिस ने गो तस्करी के आरोप में प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है। सभी गोवंश की गिनती कर उन्हें पुलिस और सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में सुरक्षित गौशाला भिजवाया गया। फिलहाल आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है तथा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Next Post

कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में आत्मदाह की कोशिश,जमीन विवाद से टूटे वृद्ध ने डाला खुद पर पेट्रोल

Tue Feb 3 , 2026
छतरपुर जिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक वृद्ध ने आत्मदाह की कोशिश कर दी। वृद्ध ने जनसुनवाई के दौरान अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और माचिस जलाने की तैयारी कर ली। यह दृश्य देखते […]

You May Like