
रीवा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीशचन्द्र राय सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने केंद्रीय जेल रीवा का निरीक्षण किया. इस दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, अस्पताल, कारखाना, महिला वार्ड, भोजन भंडारण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उपचार, विधिक सहायता और भोजन की गुणवत्ता का अवलोकन किया. साथ ही पाकशाला में बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की व्यवस्था देखी गई. जेल में चल रहे अतिरिक्त बैरक निर्माण कार्य की जानकारी भी प्राप्त की गई. प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की. इस दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आशीर्वाद भिलाला, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पन्ना नागेश, जिला विधिक अधिकारी अभय मिश्रा, चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय सहित जेल का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे.
