
मंडला। जिले में हो रही लगातार बारिश के बीच बंजर नदी में बाघ का शव बहने की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट तौर पर बाघ का शव बहता दिखाई दे रहा है, हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि बाघ जीवित है या मृत।
जानकारी मिलते ही कान्हा टाइगर रिजर्व के मुख्य अधिकारी सतर्क हो गए हैं। बंजर नदी के घाटों के पास कान्हा टाइगर रिजर्व की टीम पहुंचकर शव को बरामद करने का प्रयास कर रही है। वहीं मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आते ही SDERF (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रेस्पॉन्स फोर्स) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका है। इससे वायरल वीडियो में दिख रहे बाघ के शव को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण बंजर नदी उफान पर है, जिससे बाघ का शव दूर तक बह जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और वन विभाग ने शव को नदी से निकालकर जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
वहीं, वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताई है और बाघ की मौत के कारणों की गहराई से जांच की मांग की है।
