इंदौर:शहर में आवारा और बीमार श्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बीते दो दिनों में अलग अलग क्षेत्रों में श्वानों के हमलों से सात से अधिक लोग घायल हो गए. सबसे गंभीर स्थिति पूर्वी क्षेत्र के बिचौली स्थित ग्राम अंबामोलिया के गुलमर्ग परिसर और खजराना क्षेत्र में सामने आई है.प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने गुलमर्ग परिसर में एक बीमार और इन्फेक्टेड श्वान ने दो दिनों के भीतर 7 लोगों को काट लिया. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. 11 साल की एक बच्ची को भी श्वान ने काटा, जबकि एक महिला के हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर जख्म आए हैं. रहवासी वरुण जोशी ने बताया कि यह श्वान पिछले चार दिनों से इलाके में आतंक मचा रहा है.
उसने एक पालतू श्वान को भी बुरी तरह झकझोर दिया. रहवासियों राहुल कौशिक, हरीश चौहान, निकुंज अग्रवाल और पंकज शर्मा का कहना है कि बीमार श्वान के कारण सैकड़ों परिवार दहशत में हैं. निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद श्वान को पकड़ने की कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह स्थिति बनी. इधर दूसरा मामला खजराना थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 39 स्थित रॉयल पैलेस कॉलोनी का है. यहां एक श्वान ने एक बालक पर हमला कर दिया. बच्चा डर के मारे गिर पड़ा, जिसके बाद श्वान ने उसके सिर पर कई जगह काट लिया. दांतों के गहरे घाव सिर में आ गए, वहीं हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी बच्चे को काटा गया. शहर के अलग-अलग इलाकों से लगातार श्वान काटने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन गुलमर्ग परिसर और खजराना क्षेत्र की घटनाओं ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया है. रहवासियों ने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
