इंदौर: एक पीड़िता ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) इंदौर के समक्ष दिए गए बयान में खुलासा किया कि उसके ही सगे चाचा-चाची ने उसे कथित रूप से 5 लाख रुपये में राजस्थान में शंकर नाम के व्यक्ति को बेच दिया. आरोप है कि आरोपी उसे बिहार से ट्रेन में बैठाकर अपने साथ ले गया, जहां उससे घर का काम करवाया जाता और दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता और धमकाया जाता कि “तुझे पैसे देकर खरीदा है.” पीडिता ने पुलिस को यह भी बताया कि हिम्मत जुटाकर एक रात वह घर से भाग निकली और ट्रेन के जरिये इंदौर पहुंच गई.
स्टेशन पर जागरूक यात्रियों ने उसे सुरक्षित जीआरपी के हवाले किया था. जीआरपी पुलिस मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत राऊ स्थित जीवन ज्योति संस्था में भेजा तथा तुरंत सीडब्ल्यूसी को पूरे मामले से अवगत करवाया. इसके बाद मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए इंदौर जीआरपी पुलिस ने शून्य पर प्रकरण दर्ज कर पोक्सो एक्ट व विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. मेडिकल जांच के बाद प्रकरण संबंधित थाना मरोना, जिला सुपौल (बिहार) को आगे की जांच के लिए तत्काल भेज दिया है.
