शिवपुरी: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने शिवपुरी में आयोजित नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में एचपीवी वैक्सीन सुविधा का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर के दौरान प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
उन्होंने ब्लॉक ए से लेकर ब्लॉक सी तक सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर, ऑपरेशन थिएटर और चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित 4 मोबाइल मेडिकल बसों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक व्यवस्था की बारीकियों को समझते हुए अधिकारियों को सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मरीजों से संवाद, संवेदनशीलता के साथ तत्काल सहायता का आग्रह शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान वे एक बुजुर्ग व्यक्ति से मिलीं, जो पिछले चार वर्षों से जोड़ों के दर्द से पीड़ित थे। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और जनसेवकों से आग्रह करते हुए कहा कि बुजुर्ग को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा तक पहुँचाया जाए।
