नयी दिल्ली, 18 मार्च (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोक सभा में कहा कि सरकार अश्लील गीतों एवं दृश्यों पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में शीघ्रता से प्रतिबंध लगाये जाते हैं।
श्री वैष्णव ने समाजवादी पार्टी के आनंद भदौरिया के प्रश्न के उत्तर में बताया कि टटीरी गीत पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सरकार अश्लील गीतों और दृश्यों को लेकर गंभीर है और इन पर प्रतिबंध लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा जाती है।
कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि महत्वपूर्ण खनिज की उपलब्धता के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है और विदेशों से भी इस बारे में संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक उपकरणों के स्क्रैप से जरूरत के 40 प्रतिशत महत्वपूर्ण खनिज हासिल किये जा सकते हैं। राज्य सरकारों और आम लोगों से वह अपील करते हैं कि इलेक्ट्रानिक उपकरणों को बर्बाद न करें और उनसे महत्वपूर्ण खनिज निकलवाने में संबंधित एजेंसियों के साथ सहयोग करें।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए उपभोक्ता हेल्पलाइन शुरू की गयी है, इस पर बड़ी संख्या में शिकायतें आ रही हैं। सरकार इस हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारी नियुक्त करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के लिए विशेष प्रावधान किये गये हैं।
