जबलपुर : बरगी थाना अंतर्गत मुहास गांव की नहर में मंगलवार को नहाने गए 60 वर्षीय एक बुजुर्ग गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम बढैयाखेड़ा निवासी भांगीलाल गौड़ (60) मंगलवार सुबह मुहास के पास से गुजरने वाली नहर में स्नान करने गए थे। भांगीलाल ने नहर के किनारे अपने कपड़े और चप्पल उतारे और पानी में उतर गए। नहाते समय अचानक तेज बहाव व गहरे पानी में समा गए। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी भांगीलाल घर नहीं लौटे, तो उनके बेटे आशराम को चिंता हुई। वह अपने पिता को ढूंढते हुए नहर के पास पहुँचा। वहाँ किनारे पर पिता के कपड़े और चप्पल रखे देख उसके होश उड़ गए।
अनहोनी की आशंका होते ही उसने तुरंत ग्रामीणों और बरगी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बरगी पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ को बुलाया गया। गोताखोरों ने गहरे पानी में घंटों तक तलाश की। काफी कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम गोताखोरों को भांगीलाल का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जाँच कर रही है। वहीं घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
