ग्वालियर: ग्वालियर के ऐतिहासिक जलविहार के भव्य प्रांगण में ‘रौद्रनाम’ नवसंवत्सर 2083 का स्वागत समारोह गरिमामय तरीके से आयोजित किया जा रहा है। महापौर शोभा सिकरवार और सभापति मनोज तोमर की उपस्थिति में यह आयोजन विदाई और स्वागत की अनूठी परंपरा का साक्षी बनेगा।आज बुधवार, 18 मार्च को सायं 6 बजे से विदाई समारोह का आयोजन होगा। इसमें संगीत और नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ग्वालियर के डॉ. सुनील पावगी द्वारा हवाईन गिटार का वादन, हुबली की सुश्री हेमा वाघमोडे द्वारा भरतनाट्यम एवं जबलपुर की शालिनी खरे द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।कल गुरुवार, 19 मार्च को ब्रह्म मुहूर्त में प्रातः 4:40 बजे से संकीर्तन यात्रा के साथ नव वर्ष का अभिनंदन होगा। प्रातः 5:36 बजे बुरहानपुर के गजानन वारूडे का शहनाई वादन, प्रातः 6:24 बजे मंत्रोच्चार के साथ भगवान भास्कर को सूर्य अर्घ्य अर्पण किया जाएगा। इस अवसर पर महापौर द्वारा समस्त ग्वालियर वासियों के लिए शुभकामना संदेश का वाचन भी किया जाएगा।
