नयी दिल्ली, 16 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपने 47 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। यह निर्णय भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया गया।
भाजपा द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में आगामी केरल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी गई।
भाजपा ने राज्य की कई सीटों पर महत्वपूर्ण उम्मीदवार उतारे हैं। मंजेश्वर सीट से श्री के. सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि उडमा से श्री मनुलाल मेलोथ और कन्हंगड से श्री बालराज एम. को टिकट दिया गया है। इसी तरह पय्यन्नूर से श्री एपी गंगाधरन, अजिकोड से श्री केके विनोद कुमार और कन्नूर से श्री सी. रघुनाथ को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
पार्टी ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षित सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। मनंथवाडी (एसटी) सीट से श्री पी. श्याम राज और सुल्तानबथेरी (एसटी) से श्रीमती कविता एएस को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं वडकारा से अधिवक्ता के. दिलीप, कुट्टियाडी से श्री रामदास मनलेरी और नादापुरम से श्री सीपी विपिन चंद्रन को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा कोझिकोड नॉर्थ से श्रीमती नव्या हरिदास, कोझिकोड साउथ से श्री टी. रनीश और बेपोर से श्री केपी प्रकाश बाबू चुनाव मैदान में होंगे। पालक्काड सीट से श्रीमती शोभा सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि शोरनूर से श्री शंकू टी. दास और ओट्टापालम से मेजर रवि को टिकट दिया गया है।
भाजपा ने त्रिशूर से श्रीमती पद्मजा वेणुगोपाल, इरिंजालाकुडा से श्री संतोष चेराकुलम, देविकुलम (एससी) से श्री एस. राजेंद्रन और वैकोम (एससी) से श्री के. अजित को उम्मीदवार बनाया है। पाला सीट से श्री शोन जॉर्ज तथा कंजिरापल्ली से एडवोकेट जॉर्ज को पार्टी ने मैदान में उतारा है।
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन संगठन की मजबूती, स्थानीय जनसमर्थन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए किया गया है। पार्टी का लक्ष्य इस बार केरल में अपना जनाधार और मजबूत करना है। इस चुनाव में भाजपा राज्य की कई सीटों पर कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है।
