तेहरान, 15 मार्च (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने देश के नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह पूरी तरह से ठीक हैं और देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
श्री अराघची ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कि सर्वोच्च नेता “पूर्णतः स्वस्थ” हैं और पूरी मजबूती के साथ देश का प्रबंधन संभाल रहे हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब श्री खामेनेई की नियुक्ति के एक सप्ताह बाद भी उनके सार्वजनिक रूप से दिखाई न देने के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके स्वास्थ्य और स्थिति को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। सीएनएन ने यह जानकारी दी है।
उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च नेता के रूप में नियुक्ति के बाद से श्री खामेनेई को अभी तक न तो देखा गया है और न ही सुना गया है। उनका पहला संदेश भी सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार वाचक द्वारा पढ़कर सुनाया गया था, जिसने संशय की स्थिति पैदा कर दी थी। हालांकि, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के अनुसार, श्री अराघची ने जोर देकर कहा कि ईरान की स्थिति वर्तमान में पूरी तरह स्थिर है और सरकार या सैन्य संस्थानों के भीतर किसी भी प्रकार की कोई दरार या मतभेद नहीं है।
क्षेत्रीय तनाव और सैन्य हमलों के संदर्भ में विदेश मंत्री ने दोहराया कि ईरान द्वारा किए गए हमलों में किसी भी नागरिक या आवासीय क्षेत्र को निशाना नहीं बनाया गया है। श्री अराघची ने इन दावों को खारिज कर दिया कि ईरानी हमलों से जान-माल का नुकसान हुआ है। हालांकि, उनके इस दावे के विपरीत बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में जानकारी दी थी कि राजधानी मनामा में एक आवासीय इमारत पर हुए ईरानी हमले में एक महिला की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।
राजनयिक संबंधों पर श्री अराघची ने कहा कि कतर, सऊदी अरब, ओमान और अन्य पड़ोसी देशों के साथ ईरान के संबंध निरंतर बने हुए हैं और वे कूटनीतिक रूप से सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान अपने क्षेत्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा।
