इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में एक लाख पांच हजार कीमत का बैडमिंटन अकादमी का बोर्ड काटकर गिराने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि एमआईजी में रहने वाली 42 वर्षीय दीपाली खमरोला ने शिकायत दर्ज कराई कि निपानिया रोड स्थित लैंड लाड कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर उनकी बालाजी बैडमिंटन अकादमी का बड़ा बोर्ड लगा हुआ था, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपए है.
पड़ोस की बिल्डिंग में रहने वाले अंकित जोशी और उसके साथियों ने बोर्ड को काटकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसे नुकसान पहुंचा. पीड़िता ने यह भी बताया कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि जो बनता है कर लो. इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अंकित जोशी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
