
जबलपुर। शनिवार को सूर्यदेव के तेवर उग्र रहे। पारा 37 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही दिन में तपिश बढऩे से बिना कूलर, पंखे के रहना मुश्किल रहा। सूरज ने लोगों को पसीना भी छुड़ाया। दिन में बाहर निकले लोग टोपी, गमच्छा, चश्मा लेकर ही बाहर निकले। दिनभर गरम हवाएं भी चली जो झुला रही थी । मौसम विभाग की माने तो अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह के वक्त आद्रता 45 और शाम को 18 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम हवाएं 4 से 5 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग के मुताबिक एक ट्रफ, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक, छत्तीसगढ़ के ऊपर से होकर गुजरते हुए माध्य समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊँचाई पर बनी हुई है। उत्तरी भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर लगभग 204 किमी घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
