सीहोर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है. शुक्रवार को एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में सूचना संकलन कर्मचारियों की मासिक बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
एसपी ने सबसे पहले सभी थाना क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद चैत्र नवरात्रि, ईद, रामनवमी, महावीर जयंती और हनुमान जयंती जैसे आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख कार्यक्रमों और आयोजनों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. एसपी ने थाना प्रभारी और बीट प्रभारी को मूर्ति स्थापना स्थलों तथा अन्य कार्यक्रम आयोजकों से चर्चा कर स्वयंसेवकों से व्यवस्था में सहयोग लेने के निर्देश दिए. बड़े धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के मार्गों का पहले से परीक्षण करने व आवश्यकतानुसार ड्रोन से निगरानी तथा ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात करने को कहा गया. धार्मिक और महत्वपूर्ण स्थलों का नियमित भ्रमण करने तथा वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी कार्यक्षमता की जांच करने के निर्देश भी दिए गए. त्योहारों के दौरान मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की जाएंगी, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा सके.
अमावस्या पर्व को देखते हुए नदी किनारे वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार एसडीआरएफ और होमगार्ड की तैनाती करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही रस्सी, लाउड हेलर और लाइफ सेविंग जैकेट जैसे आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध रखने को कहा गया. बैठक के दौरान एसपी ने अवैध गतिविधियों पर विशेष निगाह रखने और सूचना मिलते ही त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. संवेदनशील मामलों में रिस्पांस टाइम पर विशेष ध्यान देने तथा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया.
