
इंदौर. धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में जमीन का पट्टा जल्द जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने वाली पटवारी को इंदौर लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी पटवारी आवेदक से एक लाख रुपए की मांग कर रही थी और पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपए लेते समय ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार कर ली गई.
लोकायुक्त कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि ग्राम कुमारिया खेड़ी, ग्राम पंचायत भानगढ़ तहसील सरदारपुर निवासी 53 वर्षीय लक्ष्मण कुमावत ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया था कि उसने जिस जमीन पर मकान बनाया है तथा मकान के पीछे की जमीन पर उसका कब्जा है, उस जमीन का पट्टा उसके नाम होने की प्रक्रिया चल रही है. आरोप है कि उक्त पट्टा जल्द कराने के एवज में पटवारी भारती राजपूत उम्र 32 साल निवासी पटवारी हल्का नंबर-25, भानगढ़, तहसील सरदारपुर ने उससे एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया था, जिसमें शिकायत सही पाई गई. इसके बाद शुक्रवार को ट्रैप दल का गठन कर कार्रवाई की गई. लोकायुक्त टीम ने आरोपी पटवारी को आवेदक से पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
