सीधी : जिले के पुलिस चौकी खड्डी अंतर्गत ग्राम गौरदहा तिलमडाणी में बीती रात अज्ञात कारणों से एक दुकान की झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ गई और उसमें रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम गौरदहा तिलमडाणी में मनप्रसाद विश्वकर्मा की छोटी सी किराना दुकान झोपड़ी में संचालित थी। पीड़ित मनप्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी दुकान में लगभग 8 से 9 हजार रुपये का सामान रखा हुआ था, जो 12 मार्च 2026 की रात आग लगने से पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी उन्होंने खड्डी पुलिस चौकी में दी। साथ ही आज सुबह गांव के सरपंच को भी इस घटना की सूचना दी गई । उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सरपंच, सचिव और पटवारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करें। मनप्रसाद विश्वकर्मा का कहना है कि उनकी दुकान ही परिवार के भरण-पोषण का मुख्य साधन थी। अचानक आग लगने से उनका काफी नुकसान हो गया है। शासन उचित आर्थिक सहायता दिलाये ताकि वे दोबारा अपनी आजीविका शुरू कर सकें।
