पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा वनडे ढाका में खेला जाएगा। पहला मैच जीतकर बांग्लादेश आगे है, जबकि पाकिस्तान सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगा।
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 13 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। बांग्लादेश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज जीतने की कोशिश करेगा। वहीं पाकिस्तान इस सीरीज को बराबरी करने के लिए मैदान में उतरेगा। पहले वनडे में बांग्लादेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
पहले वनडे में पाकिस्तान के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। मेजबान टीम के गेंदबाजों के आगे पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया था और पूरी टीम महज 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके थे। टीम की ओर से सर्वाधिक 37 रन फहीम अशरफ ने बनाए थे। बांग्लादेश की ओर से गेंदबाजी में नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे, जबकि मेहंदी हसन मिराज ने 3 विकेट अपने नाम किए थे।
बांग्लादेश ने 15 ओवर में ही जीता था पहला मुकाबला
115 रनों के लक्ष्य को बांग्लादेश ने सिर्फ 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम की ओर से तंजीद हसन तमीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 67 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि नजमुल शांतो 27 रन बनाकर नाबाद रहे। बल्लेबाजों के साथ-साथ पाकिस्तान के गेंदबाज भी पहले वनडे में बेअसर नजर आए थे।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच अब तक कुल 40 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 34 मैच पाकिस्तान ने जीते हैं, जबकि महज 6 मुकाबलों में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की है। यानी 50 ओवर के फॉर्मेट में बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा है।
बारिश बिगाड़ सकती है खेल
शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल नजर आई थी। पिच में अच्छा बाउंस देखने को मिला था, जिसका भरपूर फायदा बांग्लादेश के गेंदबाजों ने उठाया था। एक्यूवेदर के अनुसार, पहले एकदिवसीय मुकाबले की तरह ही दूसरे वनडे मैच में भी बारिश होने की आशंका है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
