टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारत में फंसे खिलाड़ियों की हुई घर वापसी, Gulf तनाव के बीच ICC ने ली राहत की सांस

खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के कारण फंसे दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आखिरकार स्वदेश पहुंच गए हैं। आईसीसी ने कहा कि सभी खिलाड़ियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना प्राथमिकता रही।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद भी कुछ टीमें भारत में फंसी थी। जिसे अब अपने देश भेज दिया गया है। आईसीसी ने बताया कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज टीम के सभी खिलाड़ी अपने देश लौट गए हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही थी, लेकिन अब सभी खिलाड़ियों की सुरक्षित यात्रा पूरी हो चुकी है।

खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण कई देशों के हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए थे। इसका असर भारत में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली टीमों की वापसी पर पड़ा। इस वजह से दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी कोलकाता में फंस गए थे, क्योंकि दुबई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों के रास्ते यात्रा संभव नहीं हो पा रही थी।

अंतिम मैच के बाद कोलकाता में फंसी रहीं टीमें
वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने अपने-अपने आखिरी मैच क्रमशः 1 मार्च और 4 मार्च को कोलकाता में खेले थे। इसके बाद दोनों टीमों को स्वदेश लौटना था, लेकिन उड़ानों में बाधा आने के कारण उन्हें कुछ दिन भारत में ही रुकना पड़ा। वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ी पहले ही इस सप्ताह की शुरुआत में अपने देश लौट चुके थे, जबकि बाकी 16 खिलाड़ियों के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की व्यवस्था की गई। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका टीम के कुल 29 सदस्य भी अब सुरक्षित रूप से स्वदेश पहुंच चुके हैं।

सुरक्षित यात्रा ही प्राथमिकता
आईसीसी ने अपने बयान में कहा, “पिछले 24 घंटों में दक्षिण अफ्रीका टीम के शेष 29 सदस्य और वेस्टइंडीज टीम के अंतिम 16 सदस्य अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो गए हैं। इससे असाधारण रूप से चुनौतीपूर्ण वैश्विक यात्रा परिस्थितियों के बीच चल रहे एक जटिल अभियान का समापन हो गया है।”

आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना ही उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। इसके लिए संस्था ने विभिन्न सरकारों, एयरलाइनों, चार्टर्ड विमान प्रदाताओं, हवाई अड्डा प्राधिकरणों और सदस्य क्रिकेट बोर्डों के साथ मिलकर लगातार काम किया।

यात्रा व्यवस्था को लेकर हुई आईसीसी की आलोचना
हालांकि इस पूरे मामले में आईसीसी को आलोचना का सामना भी करना पड़ा। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन, दक्षिण अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर ने खिलाड़ियों की यात्रा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। मिलर ने इशारा किया था कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों को बेहतर यात्रा व्यवस्था दी गई, क्योंकि वे सेमीफाइनल से बाहर होने के एक दिन के भीतर ही स्वदेश लौट गए थे। वहीं वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने भी आईसीसी से समय पर जानकारी नहीं मिलने पर निराशा जताई थी।

Next Post

BAN vs PAK: निर्णायक मुकाबले में बारिश बिगाड़ सकती है पाकिस्तान का खेल, सीरीज जीतने उतरेगा बांग्लादेश

Fri Mar 13 , 2026
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा वनडे ढाका में खेला जाएगा। पहला मैच जीतकर बांग्लादेश आगे है, जबकि पाकिस्तान सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगा। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 13 मार्च को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला […]

You May Like