सीहोर। जिले के ग्राम गुड़भेला में गुरुवार को एक खेत में अचानक आग लगने से लगभग डेढ़ एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई. घटना निजी वेयरहाउस के पीछे स्थित खेत में हुई. आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए.
ग्रामीणों ने पानी डालने के साथ-साथ ट्रैक्टर की मदद से खेत के आसपास की मिट्टी पलटकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी. इस घटना से किसान को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है. जानकारी के अनुसार जिले में गर्मी का असर बढऩे के साथ ही खेतों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. पिछले एक सप्ताह में ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आठ से अधिक खेतों में आग लगने के मामले सामने आ चुके हैं. इनमें निपानिया खुर्द, मोहाली, बड़बेली, नोनीखेड़ी, डाबोटी, चार मंडली और इछावर के आसपास के गांव शामिल है. इसके अलावा झागरिया रोड स्थित एक खेत में भी हाल ही में आग लगने की घटना हुई थी, जिसे समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर बुझा दिया था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया.
गुड़भेला और झागरिया रोड पर खेतों में लगी आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. ग्रामीणों का कहना है कि तेज गर्मी और सूखी फसल के कारण आग तेजी से फैल जाती है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है. प्रशासन से किसानों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है.
