कोच्चि, 11 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरल की जनता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को राज्य में एक मौका देने का आग्रह किया और कहा कि राजग के पांच साल का शासन केरल को विकसित राज्य में बदल सकता है।
कोच्चि में एक रैली संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राजग ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने शासन से पहले ही क्षमता सिद्ध कर दी है। उन्होंने कहा, “यदि आप हमें केरल में पांच साल देते हैं तो हम राज्य का कायाकल्प कर देंगे। यह सिर्फ वादा नहीं है, बल्कि उस पर आधारित गारंटी है, जिसे हम पहले ही साबित कर चुके हैं।”
प्रधानमंत्री ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों की कड़ी आलोचना की और उन पर जन-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दोनों मोर्चों ने दशकों तक बारी-बारी से शासन करते हुए जनता के हितों की अनदेखी की है और आपस में मिलीभगत से काम किया है। उन्होंने जोर दिया कि 2026 केरल के राजनीतिक इतिहास में निर्णायक मोड़ साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाता दोनों मोर्चों के बीच सत्ता परिवर्तन के लंबे समय से चले आ रहे चक्र को तोड़ने के लिए तैयार हैं।
श्री मोदी ने दावा किया कि पूरे राज्य में जमीनी स्तर पर भाजपा और राजग के लिए समर्थन लगातार बढ़ रहा है। त्रिशूर और तिरुवनंतपुरम जैसे जिलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने पहले ही पंचायत स्तर पर भाजपा को जिम्मेदारियां सौंपकर उस पर विश्वास जताना शुरू कर दिया है, जो राजनीतिक धारणा में बड़े बदलाव का संकेत है।
‘डबल-इंजन सरकार’ के लाभों पर जोर देते हुए श्री मोदी ने कहा कि केरल में राजग प्रशासन केंद्र के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करेगा, जिससे विकास की पहल तेज होगी और केंद्रीय परियोजनाओं को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से केरल को बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन, निवेश और वेलनेस क्षेत्रों के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी, जिससे लोगों के लिए अधिक आर्थिक अवसर पैदा होंगे।
मतदाताओं से पुरानी राजनीति खारिज करने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने राजग के लिए सामूहिक समर्थन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल एक नया शासन मॉडल ही केरल को उन दशकों के ठहराव से उबारने में मदद कर सकता है, जो उनके अनुसार दोनों मोर्चों के बारी-बारी से शासन के कारण पैदा हुआ है। मोदी ने कहा, “राजग को एक मौका दें। केरल वास्तविक बदलाव का साक्षी बनेगा।”
