गुना: जिले में पुलिस ने नाबालिग को अनैतिक देह व्यापार में धकेलने के प्रयास का मामला उजागर किया है। मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल व चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।मामला गुना बायपास रोड मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में गत रात 12.50 बजे से 3.50 बजे के बीच सामने आया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नाबालिग को अवैध व्यापार के लिए खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत दबिश दी और आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अंतर सिंह, वीरम सिंह, पप्पू, अभिषेक, आदिल खान और इदरिश खान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का उद्देश्य पीड़िता को अवैध रूप से देह व्यापार में धकेलना था।मामले में पोक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह गिरोह जिले से बाहर भी सक्रिय है।
