बजरंगगढ़ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से भिड़े ग्रामीण, पुश्तैनी जमीन को लेकर तनाव

गुना:जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोजना मोजा में बुधवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब वन विभाग की टीम भारी पुलिस बल और तीन-चार जेसीबी मशीनों के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान वन विभाग के अमले और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और झूमा-झटकी हुई। कार्रवाई का विरोध करते हुए परिवार की महिलाएं मशीनों के आगे लेट गईं।
दरअसल, हिलगना बीट गुना दक्षिण वन परिक्षेत्र की करीब 100 से 150 बीघा जमीन पर कई परिवार काबिज हैं। ग्रामीणों का दावा है कि वे यहां वर्ष 1970 से पहले, यानी लगभग तीन-चार पीढ़ियों से रह रहे हैं और खेती कर रहे हैं। कुछ परिवारों ने जमीन का पट्टा होने का दावा भी किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद विभाग जबरन बेदखल करने की कार्रवाई कर रहा है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्य वन संरक्षक के आदेशानुसार इस जमीन पर प्लांटेशन कार्य स्वीकृत किया गया है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि विभाग बार-बार सर्वे तो करता है, लेकिन उन्हें आज तक प्लांटेशन से संबंधित कोई भी लिखित आदेश या दस्तावेज नहीं दिखाया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें बिना किसी ठोस आधार के उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल किया जा रहा है, जबकि उनके पास यहां रहने के पुराने प्रमाण मौजूद हैं। फिलहाल, वन विभाग ने जमीन को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस मामले में न्यायालय में जाकर वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ परिवाद दायर करने की बात कही है।

Next Post

वृद्ध महिला को बेटा-बहू ने घर से निकाला

Wed Mar 11 , 2026
सिंगरौली: सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक 90 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने ही बेटे और बहू पर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार […]

You May Like