सतना: मैहर जिले के अमरपाटन में एनएच 30 पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रही महिला और उसकी डेढ़ साल की बच्ची को टक्कर मार दी। इस हादसे में उमरी (रीवा) निवासी 30 वर्षीय कविता कुशवाहा और उनकी बेटी आशी गंभीर घायल हो गईं। वहीं स्कूटी चला रही आशा कार्यकर्ता को भी चोटें आई हैं।हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने 1033 हाईवे एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके जरिए तीनों घायलों को अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने मां-बेटी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार महिला एक आशा कार्यकर्ता है जो घटना के समय अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार समेत तीनों लोग सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। फिलहाल आशा कार्यकर्ता का इलाज अमरपाटन सिविल अस्पताल में चल रहा है।
अस्पताल में उपचार जारी
गंभीर रूप से घायल कविता कुशवाहा और उनकी मासूम बेटी को सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा ग्राम ककरा के पास उस समय हुआ जब महिला अपनी बच्ची के साथ सड़क पार करने की कोशिश कर रही थी।
