जबलपुर: हनुमानताल थाना अंतर्गत बाबा टोला ठक्कर ग्राम में एक ओर परिवार अपने जवान बेटे की मौत का मातम मना रहा था वहीं भाई की मौत पर मायके आई बहन के घर चोरों ने लाखों की सेंध लगा दी। शातिर चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी गीतांजलि सतनामी अपने भाई पवन सतनामी के निधन पर मायके आई हुई थीं। बीती रात करीब 8 बजे वह अपनी मां सुषमा और भाई कुंदन के साथ रांझी स्थित अपनी नानी के घर गई थीं।
घर पर ताला लगा हुआ था। अज्ञात चोरों ने बाउंड्री का ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब गीतांजलि वापस लौटीं, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर कमरे में रखी दोनों अलमारियों के ताले टूटे थे और कीमती सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर एक लाख रुपये नगद और सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात ले उड़े हैं। चोरी गए गहनों की कुल कीमत लाखों में बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
