कोठी बाजार में सड़क पर सामान फैलाने वाले 40 दुकानदारों पर पुलिस की गाज, मामला दर्ज

बैतूल। यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने कोठी बाजार क्षेत्र में सड़क पर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने निरीक्षण के दौरान 40 दुकानदारों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के व्यस्त बाजारों में सड़क पर दुकानों का सामान फैलाकर रखने से यातायात प्रभावित हो रहा था, जिससे आम नागरिकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर कोठी बाजार क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली देवकरण डेहरिया द्वारा पुलिस बल के साथ की गई। पुलिस टीम ने सोमवार शाम कोठी बाजार में थाना चौक से बस स्टैंड तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान, बोर्ड और अन्य सामग्री रखकर मार्ग संकरा किए जाने की स्थिति पाई गई।

पुलिस ने ऐसे दुकानदारों को पहले समझाइश दी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बावजूद सड़क पर सामान रखकर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले करीब 40 दुकानदारों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दुकानदार अपने सामान को दुकान की सीमा के भीतर ही रखें और सड़क पर सामान या विज्ञापन बोर्ड लगाकर मार्ग अवरुद्ध न करें।

उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। भविष्य में भी सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

आठनेर में करंट लगने से इकलौते बेटे की मौत, प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी

Tue Mar 10 , 2026
बैतूल। आठनेर क्षेत्र में करंट लगने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना ग्राम छिंदवाड़, थाना आठनेर क्षेत्र की है। मृतक की पहचान शिव शंकर पिता पंजाब राव इवने (24) के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अपने घर में बिजली के बोर्ड में […]

You May Like

मनोरंजन