
खंडवा । जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाली दो वारदातें सामने आई हैं। जिले के हरसूद और पिपलोद थाना क्षेत्रों में अलग अलग दो घटनाओं में बेटों ने अपने ही माता-पिता के खून से हाथ रंग लिए। कहीं शराब की लत विवाद का कारण बनी, तो कहीं चंद रुपयों के लालच ने पिता की जान ले ली। इन दोनों ही सनसनीखेज मामलों में खंडवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
पहली वारदात: हरसूद में मां को ईंट से उतारा मौत के घाट : हरसूद थाना अंतर्गत ग्राम चैनपुर सरकार में ममता को शर्मसार करने वाली घटना घटी। यहाँ 20 वर्षीय राहुल बंजारा ने अपनी ही मां अनिता उर्फ सुलीबाई के सिर पर ईंट मारकर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि राहुल अपनी मां की शराब पीने की लत और दिव्यांग पिता की अनदेखी से नाराज था। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर अपना जुर्म कबूला। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन में हरसूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरी वारदात: पिपलोद में पैसों के लिए पिता की पीट-पीटकर हत्या : रिश्तों के कत्ल की दूसरी वारदात पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम गौंडवाडी में सामने आई। यहाँ कलयुगी बेटे ब‘चूलाल ने अपने 60 वर्षीय पिता केडे उर्फ साबूलाल की चंद रुपयों के लेनदेन के विवाद में बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण वृद्ध पिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जब मृतक की प’ी गौराबाई के कथन लिए और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट देखी, तो हत्या का खुलासा हुआ। डीएसपी मुख्यालय अनिल सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पिपलोद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी पुत्र ब‘चूलाल को 24 घंटे के अंदर धर दबोचा और उसे जेल भेज दिया गया है। इन दोनों ही जघन्य हत्याकांडों में खंडवा पुलिस का ‘इन्वेस्टिगेशन मॉडल’ बेहद प्रभावी रहा। हरसूद में थाना प्रभारी राजकुमार राठौर और आशापुर चौकी प्रभारी संतोष सांवले की टीम ने सक्रियता दिखाई, वहीं पिपलोद में निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ पाण्डेय और उनकी टीम ने महज एक दिन में आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया। जिले में हुई इन वारदातों ने सामाजिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
