
खंडवा। शहर के कोरगला रोड पर सोमवार दोपहर एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में गोदाम के भीतर रखे भारी मात्रा में पुराने फ्रिज, वाशिंग मशीन और कूलर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखा गया।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं :शुरुआती जानकारी में जहां शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही थी, वहीं अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं कि आखिर इतनी भीषण आग कैसे भडक़ी। गोदाम मालिक और आसपास के लोगों से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
मशक्कत के बाद पाया काबू : घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, जिससे पास ही स्थित पाइप फैक्ट्री और अन्य दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं।
बड़ा आर्थिक नुकसान : हालांकि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ और इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह जल चुका है। पुलिस अब इस मामले में पंचनामा बनाकर नुकसान का सही आकलन और आग लगने की वजहों की तलाश कर रही है।
