
बैतूल। जिले में एक महिला को उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित महिला ने सात मार्च को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कमलेश्वर निवासी दिगम्बर नागले (18) उसके साथ अनुचित व्यवहार कर रहा था और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान कर रहा था। महिला द्वारा प्रस्तुत फोटो और अन्य साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से मामले से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि जिले में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
