
सीधी। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। जमोड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तस्कर को गांजे सहित दबोचा। उसके कब्जे से कुल मशरूका कीमत लगभग 90 हजार रूपये बरामद किया गया। थाना जमोड़ी पुलिस की घेराबंदी में तस्कर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर बिक्री हेतु ग्राम गाड़ाखोह की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके दिशा-निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर घेराबंदी हेतु रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा ग्राम गाड़ाखोह चौराहे के पास संदेही को रोका गया। पूंछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम यज्ञ सेन कुशवाहा पिता रामशरण कुशवाहा निवासी उपनी थाना कोतवाली बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे झोले से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
जप्त सामग्री में 03 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा कीमत लगभग 45 हजार रुपये, तस्करी में प्रयुक्त होंडा डीलक्स मोटरसाइकिल कीमत लगभग 45 हजार रुपये, कुल जप्त मशरूका लगभग 90 हजार रुपये शामिल है। आरोपी का उक्त कृत्य धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना जमोड़ी में मामला पंजीबद्ध किया। समस्त वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूंछताछ के बाद अब मामले के मुख्य स्रोतों का पता लगाया जा रहा है। आरोपी उक्त मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां खपाने की योजना थी, इस संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही इस चैन से जुड़े अन्य चेहरों का भी खुलासा किया जाएगा।
