जबलपुर: गोराबजार थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग को जालसाज ने एसबीआई योनो ऐप अपडेट करने का झांसा देकर मोबाइल हैक किया और उनके खाते से एक लाख रुपये पार कर दिए।
पुलिस के अनुसार अनंतारा फेस-1 निवासी 62 वर्षीय प्रभाकर मोहिते ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे शिवम भास्कर के यहाँ वेटर का काम करता हैं। जब वे अपना एसबीआई योनो ऐप चालू करने की कोशिश कर रहे था तो वह नहीं खुला।
इसी बीच उन्हें फेसबुक पर योनो ऐप का एक विज्ञापन दिखा, जिसके बाद उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। ठग ने फोन पर प्रभाकर से कहा कि उनका योनो ऐप एक्सपायर हो गया है और उसे दोबारा डाउनलोड करना पड़ेगा। तकनीकी जानकारी न होने के कारण प्रभाकर ने अपने मैनेजर जावेद खान से बात कराई। जालसाज ने मैनेजर से व्हाट्सएप नंबर मांगा और उस पर एक लिंक भेज दिया।
लिंक क्लिक करते ही खाली हो गया खाता
जैसे ही पीड़ित के मोबाइल पर आए लिंक को क्लिक किया उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही पलों में उनके एसबीआई खाते से 1,00,000 रुपये कटने का मैसेज आ गया। ठगों ने इतनी सफाई से काम किया कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के नंबर और ट्रांजैक्शन डिटेल की जांच की जा रही है।
