महिला दिवस विशेष : मोरनी तेजस्विनी पर्यटक सुविधा केंद्र से आत्मनिर्भर बन रहीं वनग्राम की महिलाएँ

बालाघाट: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च) के अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की पर्यटन प्रवेश द्वार पर संचालित “मोरनी तेजस्विनी पर्यटक सुविधा केंद्र” महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आया है। यह केंद्र स्थानीय महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की प्रवेश द्वार पर वर्ष 2017 में स्थापित इस केंद्र का संचालन महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाता है। इस समूह की सदस्याएँ मुक्की वनग्राम की निवासी हैं और “वनांचल सखी तेजस्विनी महिला महासंघ, बैहर” से पंजीकृत हैं। केंद्र के संचालन में कान्हा प्रबंधन द्वारा मार्गदर्शन और समग्र प्रबंधन प्रदान किया जाता है।

पर्यटक सुविधा केंद्र के माध्यम से मुक्की प्रवेश द्वार पर आने वाले पर्यटकों को चाय-नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही मुक्की में संचालित कान्हा भूरसिंह स्कूल के बच्चों के लिए मिड-डे मील की व्यवस्था भी यहीं से की जाती है। इसके अलावा प्रकृति शिक्षा और ईको-अनुभूति शिविरों के दौरान आने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी केंद्र से जलपान उपलब्ध कराया जाता है।

इस केंद्र के संचालन से प्राप्त आय से महिलाएँ अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो रही हैं। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थायी आय का स्रोत बनकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है और साथ ही स्थानीय सहभागिता के माध्यम से पर्यावरणीय पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है।

मोरनी तेजस्विनी पर्यटक सुविधा केंद्र का संचालन सीमा भारतीय, पुष्पलता ताराम, लक्ष्मी मरावी और मालती यादव के समूह द्वारा किया जा रहा है। वहीं इस केंद्र के माध्यम से चंदारानी धुर्वे, नौशबा खान, कृष्णा चुके और हिरेश्वरी भोरिया जैसी महिला श्रमिकों को भी रोजगार प्राप्त हो रहा है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह केंद्र इस बात का उदाहरण प्रस्तुत करता है कि यदि महिलाओं को अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो वे न केवल स्वयं सशक्त बन सकती हैं बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। जंगल के बीच संचालित यह छोटा सा केंद्र आज महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की बड़ी कहानी लिख रहा है।

Next Post

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया

Sun Mar 8 , 2026
इंफाल, 8 मार्च (वार्ता) पुलिस ने रविवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को दो अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने अनुसार पहले अभियान में सुरक्षा कर्मियों ने इंडो-बर्मा सुगनू रोड के पास ऐहांग गांव से एक सक्रिय उग्रवादी को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया […]

You May Like